तिरंगे की शान में उमड़ा महराजगंज

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मंगलवार को महाराजगंज ब्लॉक परिसर से भारतीय जनता पार्टी द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने किया। राष्ट्रभक्ति के नारों और हाथों में तिरंगा लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने पूरे नगर में देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ महराजगंज ब्लॉक परिसर से हुआ। यात्रा बजरंग चौक, पुराना चौक, थाना रोड, सहदेवगंज मोड़ होते हुए नई चौक पहुंची, जहां पंडित लक्ष्मीकांत की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद यात्रा पुनः नया चौक से होते हुए ब्लॉक मुख्यालय पहुंची, जहां शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पारसनाथ यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता जायसवाल, जिला पंचायत सदस्य विशाल सेठ, निरंजन कुमार, फौजदार यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अशोक मौर्य, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य किसान मोर्चा एवं गोपालपुर विधानसभा संयोजक कुंवर रणंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
यात्रा के समापन पर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने कहा, तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश के करोड़ों लोगों की आस्था, सम्मान और बलिदान का प्रतीक है। आज यहां कोई भाजपा कार्यकर्ता नहीं, बल्कि तिरंगे के सम्मान में खड़ा हर व्यक्ति सच्चा भारतीय है। हमें शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और राष्ट्र की एकता, अखंडता तथा सम्मान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *