करंट की चपेट में आकर महिला की मौत

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बनकट गांव में मंगलवार को दर्दनाक हादसे में बिजली का करंट लगने से 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसे के समय महिला घर के पास अकेली घास काट रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के दोनों बच्चे स्कूल गए हुए थे।
बनकट गांव निवासी शकुंतला देवी (42) पत्नी रमेश निषाद मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर के पास घास काट रही थीं। इसी दौरान घास काटने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा हंसिया पास में लगे टिल्लू पंप के बिजली के तार के संपर्क में आ गया। हंसिया लगने से तार कट गया और महिला बिजली की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़ीं। घटना के समय घर पर महिला के अलावा कोई मौजूद नहीं था। शकुंतला के दोनों बच्चे, जिनकी उम्र करीब आठ और दस वर्ष बताई जा रही है, स्कूल गए थे। कुछ देर बाद ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई। ग्रामीण आनन-फानन में महिला को बस्तीभुजबल बाजार स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति रमेश निषाद रोजी-रोटी के लिए लुधियाना-जालंधर में मजदूरी करते हैं। पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां की मौत से दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में पूछे जाने पर थाना अध्यक्ष अहरौला मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *