अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के कांतालपुर गांव में ब्लॉक प्रमुख चंद्रशेखर यादव ने ग्रामीणों के साथ ‘चाय पर चर्चा’ में ग्रामीणों के साथ बैठकर गांव की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर सीधी बातचीत की।
उन्होंने कहा कि कांतालपुर गांव और अतरौलिया की जनता के साथ उनका कोई एक-दो दिन का नहीं, बल्कि पीढ़ियों पुराना 50 वर्षों का मजबूत पारिवारिक संबंध है। उन्होंने बताया कि आगामी 13 अगस्त को कांतालपुर की मौर्य बस्ती (हंकारीपार) में नवनिर्मित सीसी रोड का लोकार्पण किया जाएगा।
विरोधी पक्षों पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि अतरौलिया समाजवादियों और सामाजिक न्याय की भूमि रही है। कुछ लोग पैसों और पद के दम पर यहां के मान-सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें अतरौलिया के इतिहास और भूगोल का ज्ञान नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतरौलिया में जातिवाद की राजनीति नहीं चलती, बल्कि हर वर्ग और समाज के लोग एकजुट होकर एक परिवार की तरह रहते हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय कई लोग आते-जाते रहते हैं, लेकिन सुख-दुख, शादी-विवाह में हमेशा यही स्थानीय परिवार साथ खड़ा रहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि अतरौलिया की जनता एकजुट रहकर अखिलेश यादव के नेतृत्व में पीडीए की नीतियों को मजबूत करेगी और सामाजिक सद्भाव बनाए रखेगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद