2027 में सपा का सूपड़ा साफ होना तय: ओमप्रकाश राजभर

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने निरीक्षण भवन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने समाजवादी पार्टी, अबू आजमी और विपक्षी गठबंधन पर तीखे प्रहार करते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनावों में विपक्ष का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।
सपा नेता अबू आजमी के बयानों पर पलटवार करते हुए राजभर ने कहा कि सपा में केवल चाटुकारिता का बोलबाला है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर अबू आजमी में हिम्मत है, तो वह अखिलेश यादव से मुसलमानों को मुख्यमंत्री बनाने का ऐलान करवाकर दिखाएं। उन्होंने तंज कसा कि ऐसा सवाल पूछते ही उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
विपक्षी एकजुटता और प्रयागराज के कार्यक्रमों का हवाला देते हुए मंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव ने राहुल गांधी का समर्थन नहीं किया, जिससे सपा और कांग्रेस के बीच अंदरूनी खींचतान उजागर होती है। सपा के पीडीए फॉर्मूले को छलावा बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा ने चार बार सत्ता में रहने के बावजूद पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हक और शिक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
श्री राजभर ने कहा कि एनडीए सरकार प्रदेश के हर गांव के सर्वांगीण विकास के लिए कटिबद्ध है। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय की स्थापना से पूर्वांचल के युवाओं को बेहतर शिक्षा मिल रही है। इसके साथ ही लगभग 22,000 गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी और कंप्यूटर ऑपरेटरों की व्यवस्था की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विवाह घर/उत्सव भवन और बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य जारी है। आजमगढ़ में पुरानी जेल को शिफ्ट करने और उस जमीन का उपयोग जनहित में करने की योजना बनाई जा रही है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में देरी पर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने स्पष्ट किया कि मामला सपा द्वारा न्यायालय में ले जाए जाने के कारण लंबित था। कोर्ट के निर्देशानुसार पिछड़ा वर्ग आयोग का गठन कर दिया गया है और अब आगे की प्रक्रिया न्यायालय के आदेशों के अनुरूप ही पूरी की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में एनडीए प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करेगा और सपा का सूपड़ा पूरी तरह साफ हो जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *