लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरकार की महत्वपूर्ण फार्मर रजिस्ट्री योजना को लेकर किसानों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मेहनाजपुर क्षेत्र के ग्राम सचिवालय सिधौना में मंगलवार को फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचे, लेकिन वेबसाइट के सुचारु रूप से काम न करने के कारण पंजीकरण का कार्य प्रभावित रहा। इससे किसानों के साथ मौके पर मौजूद कर्मचारियों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए किसान अपने आवश्यक दस्तावेज लेकर ग्राम सचिवालय पहुंचे और घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे। ग्रामीणों के अनुसार, वेबसाइट में तकनीकी समस्या के कारण पंजीकरण की प्रक्रिया काफी धीमी गति से चल रही थी। समाचार लिखे जाने तक काफी प्रयास के बाद ही एक-दो किसानों की रजिस्ट्री हो पाई। राजस्व एवं कृषि विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
राजस्व विभाग के कानूनगो शेषनाथ प्रसाद, लेखपाल संतोष कुमार, लेखपाल गौरव पांडेय, कृषि विभाग के सौरभ सिंह तथा ग्राम प्रधान विष्णु मौर्य सहित अन्य लोग फार्मर रजिस्ट्री के कार्य में लगे रहे। ग्रामीणों का कहना है कि फार्मर रजिस्ट्री समय से पूरी कराने के लिए वे जरूरी कागजात लेकर ग्राम सचिवालय पहुंच रहे हैं, लेकिन वेबसाइट की तकनीकी समस्या के कारण उन्हें बार-बार इंतजार करना पड़ रहा है। कई किसानों को आशंका है कि यदि समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो उन्हें दोबारा ग्राम सचिवालय का चक्कर लगाना पड़ेगा।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों को भी वेबसाइट की समस्या के कारण पंजीकरण पूरा करने में दिक्कत आ रही है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि वेबसाइट में आ रही तकनीकी खामी को जल्द दूर कराया जाए, ताकि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सुचारु रूप से हो सके और किसानों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद