महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवारांचल क्षेत्र में सरयू नदी के बढ़ते कटान को लेकर ग्रामीणों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। कटान की स्थिति का जायजा लेने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने गंगापुर, तिवारीपुर और हथियागढ़ गांवों का दौरा किया। उन्होंने कटान प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके की स्थिति का जायजा लिया। जयनाथ सिंह ने ग्रामीणों से बातचीत कर कटान के कारण उत्पन्न हो रही परेशानियों, संभावित विस्थापन तथा आपात स्थिति में आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि नदी के कटान से प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और किसी भी आपात परिस्थिति में प्रशासन द्वारा तत्काल राहत एवं बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने प्रभावित लोगों के संभावित विस्थापन के लिए सुरक्षित स्थान की व्यवस्था को लेकर क्षेत्रीय लेखपाल विपिन सिंह से जानकारी ली तथा प्राथमिक उपचार की सुविधा तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाने को लेकर सीएमओ से बात की। उन्होंने प्रशासन से कटान प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
भाजपा नेता ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार एवं वह उनके साथ खड़े हैं और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रयास करेंगे।
दौरे के दौरान उन्होंने देवारांचल क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर वर्तमान सपा विधायक नफीस अहमद पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही है और जनप्रतिनिधियों को संकट की घड़ी में ग्रामीणों के बीच मौजूद रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करनी चाहिए परन्तु वे सिर्फ सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आते हैं।
भ्रमण के दौरान आराजी गंगापुर के चन्द्रदेव के घर जाकर उनके नाती के घाघरा में डूबने से हुए मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की तथा सरकारी अनुदान की जानकारी ली।
इस मौके पर भाजपा नेता हरेंद्र सिंह, गुलाब सिंह, अमरजीत यादव, प्रधान रामजीत यादव, इंद्रजीत यादव, जिला पंचायत सदस्य निरंजन कुमार आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र