अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निमा वूमेंस फोरम आजमगढ़ की अध्यक्षा डा. आरती सिंह के नेतृत्व में विश्व स्तनपान सप्ताह 2026 के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया में एक सफल जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
निमा वूमेंस फोरम की अध्यक्षा डा. आरती सिंह ने महिलाओं को स्तनपान के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि मां का दूध शिशु के लिए केवल भोजन नहीं, बल्कि जीवनदायी अमृत और पहला टीका (इम्यूनिटी) है। यह बच्चे को कुपोषण और अनेक बीमारियों से बचाता है तथा उसके शारीरिक व मानसिक विकास की मजबूत नींव रखता है। इस दौरान डा. आरती सिंह और उनकी टीम ने नवजात शिशुओं की माताओं व गर्भवती महिलाओं को स्तनपान के सही तरीके, सही स्थिति (पोजीशन) और शुरुआती 6 महीनों तक शिशु को केवल और केवल मां का दूध ही देने के फायदों के बारे में विस्तार से समझाया। डा. आरती सिंह ने संदेश देते हुए कहा कि स्तनपान प्रत्येक शिशु का पहला अधिकार और प्रत्येक मां की प्राकृतिक शक्ति है।’
इस अवसर पर निमा वूमेंस फोरम की सचिव डा. मनीषा मिश्रा और कोषाध्यक्ष डा. श्रेष्ठ अग्रवाल सहित फोरम की अन्य महिला चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद