सब्जी की उन्नत खेती के लिए किसानों को किया गया जागरूक

शेयर करे

रानीकीसराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कृषि महाविद्यालय कोटवा में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान वाराणसी के निदेशक डॉ. राजेश कुमार के दिशा निर्देशन में आयोजित अनुसूचित जाति उप योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि महाविद्यालय परिसर में कोटवा, रफीपुर, गंभीपुर एवं रीवा के अनुसूचित वर्ग के किसानों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम बीज वितरण किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को उन्नत सब्जी उत्पादन तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीजों के उपयोग तथा वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना था। अनुसूचित वर्ग के 150 किसानों को अरहर के उन्नत किस्म राजेन्द्र अरह-1 का बीज तथा बैंगन किस्म काशी उत्तम की नर्सरी वितरित की गई।
संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. त्रिभुवन चौबे, डॉ. प्रदीप कर्मकार, डॉ. अर्चना सान्याल तथा कृषि महाविद्यालय के प्रो. धीरेंद्र कुमार सिंह, प्रो. उत्कर्ष त्रिपाठी, डॉ. विनोद कुमार, डॉ एनआर मीना, डॉ रेनू गंगवार ने किसानों को वैज्ञानिक विधियों से सब्जी उत्पादन अपनाकर आय एवं पोषण स्तर में वृद्धि करने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. अर्चना सान्याल ने उच्च गुणवत्ता वाले बीजों के उपयोग तथा बीज शोधन की वैज्ञानिक विधियों की विस्तृत जानकारी दी। डॉ. त्रिभुवन चौबे ने उन्नत किस्मों, गुणवत्तायुक्त बीज, संतुलित पोषण प्रबंधन, समय पर बुवाई तथा समेकित कीट एवं रोग प्रबंधन अपनाने पर विशेष बल दिया।
एएनडीयूएटी अयोध्या के कुलपति डॉ ज्ञानेन्द्र प्रताप सिंह व कृषि अधिष्ठाता के सहयोग से गोष्ठी का आयोजन किया गया। संचालन सहायक प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार ने किया। रामाश्रय एवं तुषार कांत राय, एसआरएफ ने सहयोग प्रदान किया।
रिपोर्ट-प्रदीप वर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *