महिला अस्पताल के 194 कर्मचारियों को मिला प्रशस्ति पत्र

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दीपावली का त्योहार केवल दीप जलाने और खुशियां बांटने का ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में उजाला भरने वाले लोगों के सम्मान का भी पर्व है। इसी भावना को साकार करते हुए जिला महिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक विनय सिंह यादव ने अस्पताल में कार्यरत 194 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं मिष्ठान देकर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान कर्मचारियों के चेहरों पर सम्मान और खुशी की झलक साफ दिखाई दी।
जिला महिला चिकित्सालय अपनी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के उपचार के लिए जनपद में एक अलग पहचान रखता है। अस्पताल में कुल 100 बेड की व्यवस्था है, लेकिन मरीजों की अधिक संख्या के चलते यहां प्रतिदिन निर्धारित क्षमता से अधिक मरीज भर्ती रहते हैं। वहीं प्रतिदिन लगभग 350 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसी व्यस्त व्यवस्था के बीच डाक्टरों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य कर्मचारियों का निरंतर सेवा भाव से काम करना अपने आप में सराहनीय है।
प्रमुख अधीक्षक विनय सिंह यादव ने कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और जिम्मेदारी को सम्मान देते हुए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उनका उद्देश्य कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में भी और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित करना रहा। उन्होंने कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। सम्मान पाकर अस्पताल के सभी कर्मचारी काफी प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम में अस्पताल के समस्त चिकित्सक, स्टाफ नर्स एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *