संदिग्ध परिस्थितियों में बिगड़ी छात्रा की हालत, तोड़ा दम

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सिधारी थाना क्षेत्र के जयराजपुर गांव निवासी कक्षा नौ की 14 वर्षीय छात्रा की शुक्रवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य और एक शिक्षक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। छात्रा के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बनाए गए वीडियो में भी वह प्रधानाचार्य पर प्रताड़ित करने की बात कह रही थी। छात्रा के चाचा ने दोनों के खिलाफ सिधारी थाने में तहरीर दी है।
जयराजपुर गांव निवासी आशीष गोंड की पुत्री राशि गोंड मां जगेशरा देवी इंटर कॉलेज, शाहगढ़ में कक्षा नौ की छात्रा थी। शुक्रवार को विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें शामिल होने के लिए राशि भी विद्यालय गई थी। घर लौटने के बाद अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर देख डाक्टर ने उसे मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। यहां उपचार के दौरान शुक्रवार की रात उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा का वीडियो बनाया गया था। इसमें वह विद्यालय के प्रधानाचार्य पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रही थी। छात्रा ने अपने परिजनों से भी प्रधानाचार्य और एक शिक्षक द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। इस आधार पर छात्रा के चाचा आकाश गोंड ने दोनों के विरुद्ध सिधारी थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिधारी थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *