आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। विश्व स्तनपान सप्ताह के समापन पर शुक्रवार को जिला महिला चिकित्सालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सप्ताहभर चले अभियान के अंतिम दिन नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. उमा शरण पांडेय ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए पहला और सबसे सुरक्षित टीका है। उन्होंने बताया कि जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू करने और छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने से शिशु कुपोषण एवं कई संक्रमणों से सुरक्षित रहता है। इससे उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है। उन्होंने परिवारों से स्तनपान को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला महिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. विनय सिंह यादव ने किया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने जन्म के तुरंत बाद स्तनपान शुरू करने और छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रियंका यादव, दिनेश कुमार, दिलीप मौर्य, चिकित्सक, स्टाफ नर्स, स्वास्थय कर्मी एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-सुबास लाल