अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय डाक बंगले में सुभासपा की सेक्टर प्रभारी समीक्षा बैठक हुई। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सुभासपा नेता अरुण राजभर ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद किया और आगामी कार्यक्रमों तथा चुनावों की रणनीतियों पर गहन विचार-विमर्श कर रूपरेखा तैयार की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अरुण राजभर ने बताया कि आगामी 9 तारीख को पटेल चौक के आगे नंदना रोड स्थित रॉयल मैरिज हाल में सुभासपा द्वारा सामाजिक समरसता सर्वसमाज सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी सिलसिले में सेक्टर प्रभारियों, जोन प्रभारियों व अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक कर गांवों में किए गए जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार की समीक्षा की गई तथा रिपोर्ट प्राप्त की गई। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं और जनता में अभूतपूर्व उत्साह है तथा मैरिज हॉल भी छोटा पड़ जाएगा।
डाक बंगले में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आजमगढ़ के अलावा अंबेडकरनगर, जौनपुर, देवरिया, बलिया और गाजीपुर जैसे आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में लोग अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
विपक्षी जनप्रतिनिधियों पर हमला बोलते हुए अरुण राजभर ने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों को जनता ने 5 साल के लिए चुना, उन्हें आम जनता के दुखों से कोई सरोकार नहीं है। वे केवल चुनाव के समय 15 दिन वोट मांगने आते हैं और जीतने के बाद गायब हो जाते हैं। सपा सरकार के समय में स्वास्थय व्यवस्था बदहाल थी। 100 शैय्या अस्पताल के नाम पर केवल दलाली और गरीबों का शोषण हुआ, जहां बाहर की दवाइयां और पैथोलॉजी जांचें लिखवाई जाती थीं। योगी सरकार आने के बाद 2017 से अस्पतालों में सुविधाएं पहुंची हैं और हम जन-जन की समस्याओं का त्वरित समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि सुभासपा का मुख्य उद्देश्य पीड़ित व वंचित वर्ग को न्याय दिलाना और क्षेत्र की बिगड़ी हुई व्यवस्था को दुरुस्त कर जनता को राहत पहुंचाना है।
रिपोर्ट-आशीष निषाद