डीएम और एसएसपी ने भैरोधाम में की पूजा-अर्चना

शेयर करे

महराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी कांवड़ मेले को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से महराजगंज स्थित प्रसिद्ध भैरो बाबा मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सबसे पहले भैरो बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा आरती में शामिल होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं कांवड़ मेले के शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की।
तत्पश्चात जिलाधिकारी और एसएसपी ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा तथा श्रद्धालुओं की अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी तथा पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कांवड़ यात्रा को लेकर नगर पंचायत द्वारा की गई तैयारियों की तारीफ करते हुए अध्यक्षा श्वेता जायसवाल के कार्यों को सराहा तथा संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर एसडीएम सगड़ी संजीव राय, तहसीलदार सगड़ी, सीओ सगड़ी देशराज सिंह, बीडीओ रामसागर सिंह, एसडीओ विद्युत विभाग ब्रजेश राव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुनील जायसवाल, ईओ आशीष राय, वरिष्ठ लिपिक मनोज सिंह सहित कई विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *