आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नगर पंचायत जहानागंज के श्रीराम मोड उर्फ बवाली मोड की सड़क पर जल जमाव को लेकर मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर अवनीश कुमार के सामने ही जनता ने विरोध प्रदर्शन किया और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया।
जहानागंज-करहां मार्ग पर ताना-बाना मैदान से लेकर राजभर बस्ती तक सड़क पर घुटने भर पानी लगा हुआ है हालांकि जल निकासी के लिए 3 करोड़ से ऊपर की लागत से नाला बनाया गया है परंतु नाला सड़क से करीब दो से तीन फीट ऊंचा बना है जिससे सड़क का पानी नाले में न जाकर सड़क पर ही जमा होने लगता है। हल्की सी बारिश होने पर भी सड़क पर भारी जल जमाव हो जाता है और दोपहिया वाहन से लेकर चार पहिया वाहनों तक के आने-जाने में काफी दिक्कतें होती है। आयेदिन इस रास्ते से होकर जाने वाले विद्यालय की छात्र-छात्राएं भी पानी में गिर जाते हैं। इसकी लगातार अधिकारियों तक शिकायत की जा रही थी अखबारों में भी इस खबर को प्रमुखता से छापा गया था हालांकि अधिशासी अधिकारी विक्रम बहादुर ने पंपिंग सेट लगवा कर सड़क से पानी के निकास की व्यवस्था कराई थी परंतु कर्मचारियों की लापरवाही से कभी तेल का बहाना बनाकर तो कभी पंपिंग सेट के खराब होने का बहाना बनाकर उसे चलाया नहीं गया। सड़क पर जमा पानी में सड़ांध भी होने लगी जिससे अगल-बगल के लोगों का रहना दूभर हो गया है।
नगर पंचायत के खिलाफ की गई विभिन्न शिकायतों की जांच करने पहुंचे एसडीएम सदर अवनीश कुमार जब मुख्य चौक पर पहुंचे तभी लोजपा नेता संजय राय ने उनसे अनुरोध करके इस प्रबल समस्या का अवलोकन करने की बात कही। जैसे ही एसडीएम मौके पर पहुंचे लोगों ने पानी में खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया और नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया। एसडीएम सदर ने अधिशासी अधिकारी विक्रम बहादुर को व्यवस्था सही करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अवधेश कुमार उर्फ बबलू राम, मंजू यादव, भोला मौर्य, चंदन राय, बलराम, अच्छे लाल यादव, अजय चौहान, गुड्डू बरनवाल, कन्हैया गुप्ता, सुभाष राजभर, बबलू चौरसिया, पिंटू यादव आदि उपस्थित थे।