अंजान शहीद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के भुवना बुजुर्ग गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब तमसा नदी पार कर रहे एक 32 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
भुवना बुजुर्ग निवासी नागेश राजभर 32 वर्ष पुत्र हरिश्चन्द राजभर मंगलवार दोपहर अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। रास्ते में वह तमसा नदी के किनारे नहाने के लिए रुक गया। बताया जा रहा है कि नदी के दूसरी तरफ स्थित मंदिर में दर्शन करने के इरादे से उसने नदी तैरकर पार करने की कोशिश की। इसी दौरान अचानक उसका पैर गहरे पानी में चला गया और वह तेज बहाव में संतुलन खोकर डूब गया।
स्थानीय लोगों और परिजनों को जब घटना की भनक लगी तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में तलाश शुरू की गई, लेकिन तब तक युवक की जान जा चुकी थी।
मृतक के पिता हरिश्चन्द राजभर ने जीयनपुर कोतवाली में लिखित प्रार्थना पत्र देकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। पीड़ित पिता ने शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम कराने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस ने पंचनामा भरते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।