अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अतरौलिया की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने अतरौलिया विधानसभा सीट पर निषाद पार्टी की दावेदारी को लेकर बड़ा और स्पष्ट बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र से निषाद पार्टी ही चुनाव लड़ेगी और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह ही यहां से प्रत्याशी होंगे।
डॉ. संजय निषाद गुरूवार की रात क्षेत्र के ग्राम पचरी भगतपुर में आयोजित निषाद पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रशांत सिंह के जन्मोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने प्रशांत सिंह को गले लगाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की।
उन्होंने कहा कि अतरौलिया विधानसभा सीट पर सबसे पहला अधिकार निषाद पार्टी का है। जब तक गृहमंत्री अमित शाह की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक अतरौलिया सीट निषाद पार्टी की है और निषाद पार्टी की ही रहेगी। यहां निषाद समाज की संख्या सबसे अधिक है और पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशांत सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता के बीच काम कर रहे हैं और जनता का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है।
सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. निषाद ने कहा कि गठबंधन राजनीति में सहयोगी दलों के बीच समन्वय और सम्मान बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजभर समाज और निषाद समाज दोनों एक-दूसरे के सहयोग से ही राजनीतिक रूप से मजबूत हो सकते हैं। किसी भी समाज को नाराज करके चुनाव जीतना संभव नहीं है।
सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने भाजपा नेतृत्व के सामने एक नया फॉर्मूला भी रखा। डॉ. निषाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा जहां-जहां चुनाव हारी है, वह सीटें निषाद पार्टी को दे दी जाएं। निषाद पार्टी उन सीटों पर गठबंधन को जीत दिलाने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी दस विधानसभा सीटों पर निषाद मतदाता निर्णायक भूमिका में हैं और पार्टी को मौका मिलने पर वह मजबूती से चुनाव लड़कर जीत दर्ज करेगी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद