आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के समस्त मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को पूरे उत्साह, श्रद्धा और आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। सुबह से ही क्षेत्र की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा कर देश, प्रदेश और समाज में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। पूरे जिले में प्रेम, सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली। जिले में कुल 704 स्थानों पर बकरीद की नमाज अदा की गई, जिनमें 328 ईदगाह और 376 मस्जिदें शामिल हैं।
पटवध प्रतिनिधि के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलरियागंज कस्बा, शेखूपुर, बिन्दवल, जयराजपुर, गुलवा गौरी, अलाउद्दीन पट्टी, नसीरपुर, भावापुर, सेठारी आदि गांवों में बकरीद का पर्व मनाया गया। सुरक्षा की दृष्टि से बिलरियागंज थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा अपने दलबल के साथ मुस्तैद रहे। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती गई, जिससे पूरे दिन कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। तहसीलदार एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी भी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। बिलरियागंज क्षेत्र की कुल 33 ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई, जबकि लगभग 15 चिन्हित स्थानों पर कुर्बानी की प्रक्रिया सम्पन्न हुई। कई लोगों ने पारंपरिक सादगी के साथ अपने घरों में भी कुर्बानी की रस्म अदा की। विधायक नफीस अहमद, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद आरिफ, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कोमल पासवान तथा समाजसेवी अबुल फैज, सभासद अनवार भाई, मु.तालिब, फैजान अहमद ने क्षेत्रवासियों को ईद-उल-अजहा की बधाई दी।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार नगर पंचायत स्थित बड़ी जामा मस्जिद में सुबह 7.30 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की गई, जबकि इसके बाद छोटी मस्जिद सहित क्षेत्र की अन्य मस्जिदों में भी अकीदत के साथ नमाज हुई। उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर अभय राज पांडेय, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी तथा थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे ने मस्जिदों और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। ड्रोन कैमरे से भी निगरानी कराई गई।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार मुस्लिम बंधुओं द्वारा क्षेत्र में बकरीद का त्यौहार गुरुवार को अकीदत के साथ मनाया गया। इस दौरान सतर्कता की दृष्टि से ईदगाहों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र माहुल में पुलिस की काफी सतर्कता रही। सुबह यहां के पवई रोड स्थित ईदगाह पर नमाज के समय क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर कौस्तुभ त्रिपाठी, थानाध्यक्ष अहरौला मन्तोष सिंह, चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल, उप निरीक्षक श्याम दुबे, नायब तहसीलदार फूलपुर राजाराम, क्षेत्रीय लेखपाल सौरभ राय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। ईदगाह पर नमाज खत्म होने के बाद लोग अपने अपने घरों को गए और कुर्बानियों का दौर दिन भर चला।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के फूलपुर, पवई, माहुल, अहरौला, समेत विभिन्न गांवों और कस्बों में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में कुर्बानी की रस्म अदा की। त्योहार को लेकर बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपने घरों में विशेष पकवान तैयार किए तथा रिश्तेदारों और परिचितों का स्वागत किया। पुलिस प्रशासन द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की गई। एसडीएम, सीओ तथा थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर शांति व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च भी किया गया। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय क्षेत्र के लालगंज, देवगांव, कंजहित, गोसाईगंज बसही अकबालपुर आदि गांव में ईद-उल-अज़हा का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और उल्लास के साथ मनाया गया। नमाज के दौरान बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खास उत्साह देखने को मिला। नमाज से पहले मौलाना खालिद आज़मी ने अपनी तकरीर पेश करते हुए ईद-उल-अज़हा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माइल की महान कुर्बानी की याद दिलाता है तथा इंसान को अल्लाह की राह में हर तरह की कुर्बानी देने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, मोहब्बत और इंसानियत को मजबूत करने की अपील की।
इनसेट—
ड्रोन से हुई निगरानी, भारी पुलिस बल तैनात
आजमगढ़। प्रशासन ने ईदगाहों और मस्जिदों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। जिले में दो कंपनी पीएसी, 44 इंस्पेक्टर, 376 सब इंस्पेक्टर और 2400 कांस्टेबल व हेड कांस्टेबल समेत भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासन ने जिले को 2 सुपर जोन, 6 जोन और 25 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की। प्रशासन की ओर से सामूहिक कुर्बानी के लिए 22 स्थान चिह्नित किए गए, जबकि 513 अन्य स्थानों पर भी विशेष निगरानी रखी गई।