तेरहवीं से लौट रहे बाइक सवार युवक की मौत, दो घायल

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर अंडरपास के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
गौरीबड़ा थाना कटका जनपद अंबेडकर नगर निवासी राहुल गौड़ 32 वर्ष पुत्र रामनयन गौड़, दिनेश 38 वर्ष पुत्र मक्खन तथा हरिओम 32 वर्ष पुत्र रामजीत बुधवार रात लगभग 9.30 बजे अपने रिश्तेदार के यहां मड़ौही गांव में तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे, उसी दौरान बड़ा हादसा हो गया।
मृतक के परिजन संदेश गौड़ ने बताया कि जैसे ही उनकी बाइक अतरौलिया क्षेत्र के सुक्खीपुर अंडरपास के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के किनारे लगे कंटीले तार में जा घुसी। हादसे में बाईक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे परिजनों ने तत्काल सभी घायलों को अतरौलिया स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान राहुल गौड़ की मौत हो गई। वहीं घायल दिनेश का इलाज चल रहा है, जबकि एक अन्य घायल हरिओम का उपचार अतरौलिया के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
राहुल अपने पीछे पत्नी कुसुम, दो वर्षीय पुत्री रक्षा और छह माह के पुत्र कार्तिक को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां विन्दु और पत्नी कुसुम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *