अंतर्राष्ट्रीय सम्मान से विभूषित हुए अरविंद चित्रांश

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। नेपाल में भोजपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति की समृद्धि में अतुलनीय अवदान के लिए आजमगढ़ के प्रसिद्ध लोक कलाकार एवं भोजपुरी कला-संस्कृति के विशेषज्ञ अरविंद चित्रांश को आचार्य गौरी शंकर पाण्डेय अंतरराष्ट्रीय साहित्य सम्मान-2026 से विभूषित किया गया। यह सम्मान अब भारत-नेपाल संबंध का सेतु बन गया है।
श्रीमद् भगवद् गीता के अर्थ को भोजपुरी भाषा में परिवर्तित कर समाज के लिए बहुमूल्य योगदान देने वाले नेपाल के जाने-माने लेखक कौशल किशोर पांडेय की पुस्तक लोकार्पण के अवसर पर यह सम्मान प्रदान किया गया। गीता के कर्म योग, सांख्य योग एवं आध्यात्मिक योग को सरल भोजपुरी में जन-जन तक पहुंचाने के इस कार्य की सराहना हुई।
यह अंतर्राष्ट्रीय सम्मान नेपाल मधेश प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जितेंद्र सोनम, नेपाल भोजपुरी फाउंडेशन के अध्यक्ष विजय किशोर पांडेय एवं भोजपुरी साहित्य विकास मंच के महासचिव प्रकाश प्रियांशु द्वारा वैश्विक स्तर के प्रमुख साहित्यकारों एवं कला-संस्कृति के मर्मज्ञों की उपस्थिति में प्रदान किया गया।
इस अवसर पर नेपाल के प्रसिद्ध साहित्यकार रामप्रसाद शाह, डॉ. ब्रजभूषण मिश्र पूर्व अध्यक्ष, अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन, हरेंद्र हिमकर, गोपाल अश्क सदस्य, नेपाल राजकीय भाषा आयोग, प्रसिद्ध कवि राम बहादुर राय, प्रसिद्ध कवयित्री एवं साहित्यकार प्रिया मिश्रा का काव्य पाठ, अस्मिता पटेल तथा बीरगंज भोजपुरी प्रतिष्ठान की अध्यक्ष अनीता शाह आदि की उपस्थिति रही।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *