नवनियुक्त एडीओ पंचायत के विरोध में प्रधानों ने सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय विकासखंड सभागार में मंगलवार को प्रधानों एवं प्रधान प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में नवनियुक्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) संदीप ज्ञानवीर की नियुक्ति का विरोध करते हुए खंड विकास अधिकारी लालगंज को ज्ञापन सौंपा।
प्रधानों ने आरोप लगाया कि संबंधित सहायक विकास अधिकारी पूर्व में जिन विकासखंडों में तैनात रहे हैं, वहां भ्रष्टाचार के मामलों में उनकी संलिप्तता रही है। उनके लालगंज विकासखंड में आने से विकास कार्य प्रभावित होंगे। प्रधानों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उच्चाधिकारियों द्वारा सहायक विकास अधिकारी का स्थानांतरण अन्य विकासखंड में नहीं किया गया तो वे कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे।
बसही अकबालपुर के प्रधान प्रतिनिधि मोहम्मद सालेह उर्फ सालेहीन तथा देवनाथपुर के प्रधान प्रतिनिधि पवन यादव ने कहा कि अब तक विकासखंड लालगंज की ग्राम पंचायतों में नियमानुसार सचिवों और प्रधानों के समन्वय से विकास कार्य कराए जाते रहे हैं, लेकिन नवनियुक्त सहायक विकास अधिकारी के आने से विकासखंड में भ्रष्टाचार बढ़ने और विकास कार्य प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इससे प्रधानों और एडीओ पंचायत के बीच टकराव बढ़ सकता है, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित होंगे।
बड़ागांव के प्रधान रविंद्र यादव ने खंड विकास अधिकारी से मांग की कि प्रधानों द्वारा दिए गए ज्ञापन को जिले के उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाए, ताकि सहायक विकास अधिकारी संदीप ज्ञानवीर का स्थानांतरण अन्य विकासखंड में सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर प्रधान सुनील राजभर, इंद्रजीत यादव, पप्पू लाल यादव, रामलखन चौहान, दिनेश चौहान, सरफराज उर्फ काशिफ, मंसूर अहमद, लाल साहब यादव, आनंद यादव, हाजी सोहराब अहमद, अकरम, राजकुमार, अजय चौहान, विक्की, सुरेश यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *