चेकिंग अभियान में 18 चार पहिया वाहन सीज

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस एवं जनपदीय पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ा अभियान चलाया। विशेष औचक चेकिंग अभियान के दौरान बिना परमिट संचालित होने वाले, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 18 डग्गामार चार पहिया वाहनों को सीज कर दिया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाकर नियम विरुद्ध वाहन संचालन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार पकड़े गए वाहन बिना परमिट सड़क पर दौड़ रहे थे और कई वाहन क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाल रहे थे। ऐसे वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए सभी 18 वाहनों को सीज कर थाना कोतवाली एवं थाना कंधरापुर परिसर में निरुद्ध किया गया है।
यातायात विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना परमिट वाहन संचालन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *