युवक पर छह राउंड फायरिंग का आरोप, बाल-बाल बचा

शेयर करे

बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के शेरवा गांव निवासी शनि वर्मा पुत्र महाबल वर्मा ने गांव के ही कुछ युवकों पर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के अनुसार मामूली कहासुनी के बाद उसे बूढ़नपुर बुलाकर रिवॉल्वर से फायरिंग की गई, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। मामले में पुलिस ने दो नामजद समेत चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित शनि वर्मा ने बताया कि 20 मई को वह अपने गांव के दोस्त अवनीश वर्मा के पास गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद अवनीश वर्मा पुत्र मोती वर्मा का फोन आया और उसने शनि को बूढ़नपुर बुलाया। जब शनि बूढ़नपुर पहुंचा तो उसे बृजमोहन गेट पर आने के लिए कहा गया।
पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वह बृजमोहन गेट पहुंचा, वहां मौजूद अवनीश वर्मा ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच चार-पांच अन्य युवक भी मौके पर पहुंच गए और अचानक रिवॉल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। शनि वर्मा के मुताबिक करीब छह राउंड फायर किए गए।
घटना के दौरान पीड़ित ने किसी तरह हमलावर की रिवॉल्वर पकड़ ली, जिससे निशाना सही नहीं लग सका और उसकी जान बच गई। फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
पीड़ित ने एक हमलावर की पहचान आनंद वर्मा पुत्र ईश्वरी वर्मा निवासी एकडंगी सरवनपुर के रूप में की है, जबकि अन्य चार लोग अज्ञात बताए गए हैं।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *