पोल से टकराकर खाई में गिरी गाड़ी, युवक घायल

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव-लालगंज मार्ग पर रविवार की रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। जामिया फैज-ए-आम स्कूल देवगांव के सामने देवगांव की ओर से रानी की सराय जा रही एक पेंट लदी गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पोल से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। हादसे में गाड़ी सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक को भी चोट आई बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रविवार रात करीब 9 बजे की है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार पेंट लदी गाड़ी का चालक अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे लगे पोल को टक्कर मारते हुए खाई में चली गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला गया। चालक को भी चोट आई बताई जा रही है, लेकिन गाड़ी में बैठे दूसरे व्यक्ति को गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत नाजुक थी। समाचार लिखे जाने तक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति का नाम पता ज्ञात नहीं हो सका है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की मदद से दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को खाई से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आयेदिन हादसे होते रहते हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *