बूढ़नपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा पौहारी की सरैया धाम में सोमवार को भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और बाबा के दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
मेले के दौरान मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद, पूजा सामग्री तथा खान-पान की कई दुकानें लगाई गई थीं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र बने रहे।
भक्तों द्वारा भजन-कीर्तन और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस बल भी पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बाबा पौहारी धाम का यह मेला क्षेत्र की आस्था और संस्कृति का प्रतीक है, जहां हर सोमवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों में उत्साह देखा गया।
इस मौके पर सेन पण्डित, चचंल, पप्पू उर्फ अजीत सिंह, दीपक सिंह, हौसिला प्रसाद प्रजापति, गंगा प्रजापति, सरयू प्रजापति, बबलू माली आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह