माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत में जमीन की खरीद और बिक्री करने वाले दो प्लाटरों पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है जिससे जमीन के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
राजस्व निरीक्षक माहुल कृष्ण कुमार यादव द्वारा दिए गए शिकायती पत्र पर पुलिस ने दर्ज मुकदमे में यह कहा कि अहरौला थाना क्षेत्र के नगर पंचायत माहुल निवासी सब्बू उर्फ खालिद और फूलपुर थाना क्षेत्र के बक्सपुर निवासी बेलाल अहमद भूमाफिया किस्म के व्यक्ति है। खालिद उर्फ सब्बू द्वारा माहुल के वार्ड नम्बर तीन में सरकारी नाले की जमीन को कब्जा करके बेच दिया गया जिसमें आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मकान बनावा लिया। इनके इस कृत्य से वार्ड वासियों की जलनिकासी बंद है और मोहल्ले में गंदा पानी इकट्ठा हो रहा है जिससे संक्रामक रोग फैल रहा।
बेलाल अहमद द्वारा माहुल के रोज़ा टोला में आबादी की जमीन का बिना बटवारा कराए ही सरकारी बंजर खाते की जमीन को मिला कर अवैध रूप से प्लाटिंग शुरू कर दिया गया। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन ने उसे ध्वस्त करा दिया। उसके बावजूद भी बेलाल अहमद द्वारा उक्त भूमि में दबंगई के बल पर दिवार बना कर पुनः प्लाटिंग शुरू कर दिया।
इस संबंध में राजस्व निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव द्वारा दोनों को भूमाफिया बताते हुए रविवार को अलग अलग मुकदमा दर्ज कराया गया। इस संबंध में एसडीएम फूलपुर अशोक कुमार का कहना है कि सरकारी भूमि को कब्जा करने और उसे बेचना भूमाफिया की श्रेणी में आता है। ऐसे कृत्य करने वालो को चिन्हित कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है जो आगे भी जारी रहेगी। किसी भी दशा में सार्वजनिक संपति की क्षति नहीं होने दिया जाएगा।
रिपोर्ट-श्यामसिंह