लालगंज/गोसाईं की बाजार आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। घटना गोसाईं के बाजार क्षेत्र के नंद पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पर हुई, जहां स्विफ्ट कार की चपेट में आने से साइकिल सवार व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार पर भाजपा जिला सोशल मीडिया प्रभारी लिखा हुआ है।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा रोहुआ निवासी दलसिंगार राम 50 वर्ष पुत्र दुक्खी राम सोमवार सुबह करीब 8 बजे गोसाईं के बाजार स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि नंद पेट्रोल पंप के पास पहुंचने पर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की ही जा रही थी, लेकिन इसी बीच उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने वाहन चालक को गाड़ी सहित पकड़ लिया है। मृतक चार बेटों के पिता थे, जिनमें बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद