अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में सोमवार को मेधावी छात्राओं के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। समारोह में छात्राओं की उपलब्धियों पर पूरा विद्यालय परिसर तालियों से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र निषाद उर्फ राजू ने मेधावी छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। शिक्षा ही वह ताकत है, जो समाज और परिवार दोनों का भविष्य बदल सकती हैं। अभिभावकों द्वारा बेटियों की शिक्षा के प्रति दिखाई गई जागरूकता सराहनीय है।
अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य सुधा सिंह ने की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सफलता उनके कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। जब शिक्षक और अभिभावक मिलकर बच्चों का मार्गदर्शन करते हैं, तब ऐसे गौरवपूर्ण परिणाम सामने आते हैं।
सम्मान समारोह में इंटरमीडिएट कला वर्ग में खुशी निषाद ने 85.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। अंशिका वर्मा 77.40 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा रोशनी अग्रहरि 76.40 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं। हाईस्कूल परीक्षा में श्रद्धा ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वाेच्च स्थान प्राप्त किया। हर्षिता और प्रिंसी ने 84.6 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं नंदनी चौबे ने 83.5 प्रतिशत तथा तरन्नुम बानो ने 81.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर प्रतिभा, मीना पांडे, किरण मौर्य, रेखा देवी, निखिल सिंह, नेहा सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में अभिभावक भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद