पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से सुबह बाइक से घर लौट रहा था। मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर आजमगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी आमने-सामने टक्कर में सनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी पूजा विश्वकर्मा बेसुध हो गईं। बताया जा रहा है कि सनी छह माह के एक मासूम बेटे का पिता था। वहीं उनके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी हुई है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *