पुलिस का बड़ा अभियान 352 खोए मोबाइल बरामद

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अप्रैल 2026 के दौरान कुल 352 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 88 लाख रुपये है, बरामद किए गए।
रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन द्वारा बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, फरवरी 2024 से शुरू किए गए इस अभियान के तहत अब तक कुल 4172 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 10 करोड़ 28 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, वर्ष 2026 में ही अब तक 959 मोबाइल फोन (करीब 2 करोड़ 39 लाख 75 हजार रुपये) बरामद कर उनके मालिकों को सौंपे गए हैं। गुमशुदा मोबाइल की बरामदगी के लिए नागरिकों से सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जाती है, जिसके आधार पर पुलिस टीम कार्रवाई कर मोबाइल को ट्रेस कर रही है। थाना-वार बरामदगी में महराजगंज थाना सबसे आगे रहा, जहां से 45 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा मुबारकपुर (34), रौनापार (26), सरायमीर (19), निजामाबाद (18) समेत अन्य थानों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा, जिससे लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस दिलाई जा सके।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *