बारिश और तेज हवा से बिजली आपूर्ति बाधित

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में बीते दिनों हुई बारिश और तेज हवा के चलते बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र से नगर, तहसील व ग्रामीण क्षेत्रों में आपूर्ति की जाती है, जबकि फूलपुर विद्युत उपकेंद्र से अंबारी, दुर्वासा, पश्चिम पट्टी, धर्मदासपुर, शमसाबाद, सुखीपुर सहित अन्य गांवों को बिजली मिलती है।
ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर व ढीले विद्युत तार तेज हवा चलने पर आपस में टकरा जाते हैं या पेड़-पौधों की टहनियों से सट जाते हैं। इसके कारण लाइन में फाल्ट आ जाता है और मशीन ट्रिप कर जाती है, जिससे आपूर्ति बाधित हो रही है। पेड़ों की नियमित छंटाई न होने से समस्या और बढ़ गई है।
हालांकि मौसम में कुछ नरमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने से परेशानी बनी हुई है। क्षेत्र के मो. हसीब, चंदन मोदी, चंदन गुप्ता, परमहंस, पवन बिंद, अर्सलान, चंद्रभान, आशीष पाल, मनीष कुमार, संजय यादव, मुनमुन आदि ने विभागीय अधिकारियों से ढीले तारों को ठीक कराने और पेड़ों की टहनियों की कटाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में अवर अभियंता, सुदनीपुर विद्युत उपकेंद्र ने बताया कि टहनियों की छंटाई का कार्य शुरू करा दिया गया है और जल्द ही व्यवस्था सुचारू हो जाएगी। वहीं उपखंड अधिकारी, फूलपुर भूप सिंह ने कहा कि संबंधित लाइनमैन व अवर अभियंता को ढीले तारों को ठीक करने और पेड़ों की डालियों की कटाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिजली आपूर्ति में कोई व्यवधान न हो।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *