अटेवा ने किया तमसा तट पर पौधे रोपण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पुरानी पेंशन योजना की बहाली के संकल्प को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया के नेतृत्व में रविवार को तमसा नदी के तट पर स्थित पंचफोड़वा मंदिर पर पौधरोपण किया गया। संगठन द्वारा हर रविवार एक वृक्ष पुरानी पेंशन बहाली के नाम अभियान के तहत पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने तमसा नदी के तट स्थित पवित्र शिवमंदिर पर जामुन के पौधे रोपे।
अटेवा के सोशल मीडिया प्रभारी नवल किशोर ने बताया कि जिस तरह एक नन्हा पौधा भविष्य में फल और छाया देकर सुरक्षा प्रदान करता है, उसी तरह पुरानी पेंशन अर्धसैनिक बलों के जवानों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों के बुढ़ापे का एकमात्र सहारा है। सरकार द्वारा पुरानी पेंशन बंद करना करोड़ों कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। जब तक पेंशन का अधिकार वापस नहीं मिल जाता, अटेवा का इस तरह के रचनात्मक संघर्ष और जन-जागरण अभियान जारी रहेगा।
इस अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सीपी यादव, सुनील सिंह, अभय चौहान, विजय कुमार बंधु, नवल किशोर, गुलाब चौरसिया, पुनीत यादव, आशीष कुमार, महेंद्र कुमार शर्मा, शैलेश कुमार, राम भवन आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *