अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए क्षेत्र के स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव (लू) से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय में विशेष हीट वेव वार्ड स्थापित कर मरीजों के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
स्वास्थ्य अधीक्षक डा. दिनेश सिन्हा ने बताया कि अस्पताल में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए अलग से विशेष वार्ड संचालित किया जा रहा है। यहां पर्याप्त बेड, एसी, कूलर और पंखों की व्यवस्था के साथ-साथ आपातकालीन उपचार के सभी संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि डाक्टरों एवं स्टाफ को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया है ताकि लू के मरीजों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया जा सके और गंभीर स्थिति में बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की इन तैयारियों से यह स्पष्ट है कि प्रशासन गर्मी के इस कठिन दौर में लोगों की सेहत को लेकर पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने आमजन से अपील की कि अनावश्यक बाहर न निकलें, बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं। बाहर निकलते समय सिर को छाता, टोपी, तौलिया या गमछे से जरूर ढकें। हमेशा पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें ताकि पसीने के जरिए पानी की कमी को कम किया जा सके। धूप में निकलने से पहले पर्याप्त पानी पीकर निकलें। ओआरएस घोल, नींबू-पानी और मौसमी फलों जैसे तरबूज, ककड़ी का अधिक सेवन करें। यदि चक्कर आना, जी मिचलाना, जीभ सूखना या अत्यधिक प्यास लगने जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में डाक्टर को दिखाएं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद