मुझे और सरकार को बदनाम करने की साजिश: फूलचंद्र यादव

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पहिया गांव निवासी साकेत महाविद्यालय अयोध्या के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य व भाजपा नेता फूलचंद यादव ने पुलिस द्वारा अपने ऊपर दर्ज हुए मुकदमे को निराधार बताते हुए कहा कि यह मुझे और सरकार को बदनाम करने की साजिश है।
विगत 23 मार्च 2026 को अतरौलिया थाना क्षेत्र के पहिया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी जिसमें फूलचंद यादव सहित 10 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ गांव के ही राजबहादुर यादव द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर अतरौलिया पुलिस ने 10 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया।
इस मामले में फूलचंद यादव का कहना है कि मेरे ऊपर पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करना अन्यायपूर्ण है। मुझे हिस्ट्रीशीटर बनाकर मुझे एवं सरकार को बदनाम करने की सोची समझी चाल है। उन्होंने अतरौलिया थानाध्यक्ष की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस बिना जांच के ही मुकदमा दर्ज कर 23 मार्च की घटना में दोनों पक्षों को मिलाकर 7 लोगों का शांतिभंग में चालान किया गया। अगर उस मारपीट में किसी को चोट लगी होती, कोई फायरिंग हुई होती या बड़ी संख्या में लोग बवाल किए होते तो उस समय मुकदमा क्यों नहीं दर्ज किया गया। घटना के 20 दिन बीत जाने के बाद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज करना संदेहास्पद है। उन्होंने कहा कि मैं छात्र जीवन से राजनीति करता हूं मेरी व सरकार की छवि खराब करने की यह साजिश है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बरिष्ठ नेताओं के साथ पुलिस अधीक्षक को पूरी घटना से अवगत कराया गया है। मुझे उम्मीद है कि मेरे साथ न्याय होगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *