अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वास्थ्य के अधिकार और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी गांव-गांव पहुंचाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के कलाकारों की टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अतरौलिया और लोहरा गांव में नुक्कड़ नाटक व गीतों की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने सहज संवाद, अभिनय और गीतों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने बताया कि स्वास्थ्य का अधिकार केवल बीमार होने पर अस्पताल जाकर इलाज कराने तक सीमित नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को समय पर और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करना उसका अधिकार है। इसके लिए लोगों को अपने गांव और आसपास स्थित स्वास्थ्य केंद्रों, वहां उपलब्ध सुविधाओं तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है। कलाकारों ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी चुनौतियों, सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को भी सरल तरीके से समझाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम में ज्योति, इन्द्रनील, नेहा, देवोश्री, ज्योति, राजेश कुमार सहित अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी।
रिपोर्ट-आशीष निषाद