अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय पॉलिटेक्निक अतरौलिया में आयोजित रोजगार चयन कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं का चयन देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। इस सफलता से न केवल संस्थान बल्कि पूरे जनपद के युवाओं में उत्साह का माहौल है।
कार्यक्रम का आयोजन इंस्पिराज़ ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड एवं अशोक लेलैंड लिमिटेड के विशेष सहयोग से किया गया। परिसर में 10 से अधिक नामी कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों ने छात्रों के तकनीकी ज्ञान और साक्षात्कार के आधार पर उनका चयन किया। चयनित विद्यार्थियों को औसतन 2.5 लाख रुपये वार्षिक वेतन का आकर्षक प्रस्ताव मिला है।
संस्थान की इस सफलता का श्रेय निदेशक डॉ. सुबोध कांत सिंह को दिया जा रहा है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और उद्योग जगत से बेहतर समन्वय के चलते इतनी बड़ी संख्या में नियुक्तियां संभव हो सकीं। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि प्रत्येक छात्र को रोजगार के योग्य बनाना है।
वरिष्ठ मानव संसाधन प्रबंधक अभिषेक एवं अभिराज की भूमिका सराहनीय रही, जिनके सहयोग से पूरी चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। संस्थान ने अपने प्रेरणास्रोत स्व.प्रो. बजरंग त्रिपाठी संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया। साथ ही संरक्षक अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन त्रिपाठी एवं सह-संरक्षक अभियंता वेदांत त्रिपाठी के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य राहुल जायसवाल, सहायक निदेशक ज्योति त्रिपाठी, समन्वयक अखिलेश सहित संस्थान के सभी प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद