लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में एक पशु वध की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण जुट गये।
ग्राम हिलालपुर निवासी तेज प्रताप सिंह को सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि ग्राम झिंझपुर सरैया के सिवान में पोखरे के पास किसी अज्ञात पशु का क्रूरतापूर्वक वध किया गया है। सूचना मिलते ही वह अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर देखा कि पुलिस बल पहले से मौजूद था और डॉक्टरों की टीम द्वारा पशु के मांस के अवशेषों को जांच के लिए सैंपल के रूप में एकत्र किया जा रहा था। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि वध किया गया पशु गोवंश हो सकता है।
इस संबंध में तेज प्रताप सिंह ने थाना मेहनाजपुर में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कड़ी निगरानी और आवश्यक कदम उठाए जाएं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सैंपल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद