नव निर्माण के 9 वर्ष पर प्रदर्शनी का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा ‘‘समृद्धि का नवयुग, यूपी का स्वर्णयुग’’ तथा “विकसित भारतदृविकसित उत्तर प्रदेश 2047” थीम पर हरिऔध कला केन्द्र प्रांगण में आयोजित 09 दिवसीय प्रदर्शनी एवं प्रचार साहित्य स्टॉल का जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उद्घाटन कर अवलोकन किया।

जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी को आमजन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले नौ वर्षों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को प्राप्त हो रहा है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों विशेषकर युवाओं से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा शासन की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।
प्रदर्शनी में लगाए गए सूचना पैनलों के माध्यम से यह दर्शाया गया है कि किस प्रकार प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं, महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, दिव्यांगजनों एवं समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं।
इन संदेशों के माध्यम से मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जागरूक, प्रेरित और प्रोत्साहित करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया है। प्रदर्शनी में “योगी की पाती” आमजन के बीच विशेष उत्सुकता और आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।

जिला सूचना अधिकारी डॉ० पंकज कुमार ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा आमजन को योजनाओं से जोड़ना है, जिससे प्रदेश के विकास में जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
रिपोर्ट-सुबास लाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *