संजरपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सरायमीर थाना क्षेत्र के पूना पोखर बाजार में अवैध रूप से चल रहे मां सर्वेसरी जच्चा, बच्चा केंद्र नर्सिंग होम को शुक्रवार को डिप्टी सीएमओ डा. आलेंद्र कुमार ने सील कर दिया। उन्होंने बताया कि यह नर्सिंग होम पूर्णरूप से गलत तरीके से चल रहा था। नर्सिंग होम का किसी प्रकार का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है। न ही यहां पर किसी डाक्टर की डिग्री है। अस्पताल के अंदर चल रहा मेडिकल स्टोर भी फर्जी है।
सरायमीर के पूना पोखर गांव निवासी सुनील कुमार ने 12 फरवरी को अपनी बहन मनीषा को प्रसव पीड़ा की दर्द होने के कारण मां सर्वेसरी जच्चा बच्चा केंद्र में भर्ती कराया था, जहां पर डा.अंगद पाल ने मना करने के बाद भी मरीज का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन करने के बाद मरीज की तबीयत अचानक बिगड़ गई तो उन्होंने मरीज को खून चढ़ाने की बात कही। सुनील कुमार ने बताया कि मेरे रिश्तेदार से खून उतारकर मेरी बहन को चढ़ा दिया गया, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई। तबीयत गंभीर होने पर डा. अंगद पाल अस्पताल छोड़कर भाग निकले। पीड़िता को वाराणसी में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर जांच करने पर पता चला कि गलत आपरेशन व खून चढ़ाने से बहन की दोनों किडनी फेल हो चुकी है।
सुनील ने उच्चाधिकारियों को किया शिकायत के बाद जब किसी प्रकार की कोई कार्रवाई जिले स्तर से नहीं हुई तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यहां न्याय की गुहार लगाई, जिस पर शुक्रवार को डिप्टी सीएम डा. आलेंद्र कुमार ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर अवैध रूप से चल रहे माँ सर्वेश्वरी जच्चा बच्चा केंद्र को सील कर दिया। उन्होंने बताया कि डा.अंगद पाल के विरुद्ध स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
रिपोर्ट-राहुल यादव