फरिहां आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां चौक पर बुधवार की देर रात्रि करीब 10.30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पिकअप और ट्रक में फरिहा चौक पर टक्कर में पिकअप चालक राहुल 25 वर्ष व खलासी विशाल 22 वर्ष निवासी जिला रेणुकूट घायल हो गये। मौका देखकर ट्रक ड्राइवर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर चौक पर बने पुलिस बूथ में जा घुसी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस बूथ पर आमतौर पर दो से तीन पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं, लेकिन घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था। गनीमत रही कि बूथ खाली था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और बाजार वासियों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह में बताया कि ट्रक और पिकअप में टक्कर हुई है घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। ट्रक और पिकअप को कब्जे में लिया गया है।
रिपोर्ट-जयहिंद