आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिजली विभाग की मनमाने रवैये और तकनीकी खामियों का खामियाजा एक व्यापारी को फैक्ट्री बंद कर चुकाना पड़ रहा है। मामला नगर के हाफिजपुर का है, जहां एक उपभोक्ता पिछले एक साल से बिजली के मनमाने बिल को सुधरवाने के लिए अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रहा है, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं की जा रही है।
पीड़ित उपभोक्त अजय कुमार यादव हाफिजपुर में एक आयान बर्फ नाम से फैक्ट्री चलाता है। उसका आरोप है कि पिछले साल उनके परिसर का बिजली का बिल अचानक से सामान्य से तीन गुना ज्यादा भेज दिया गया। 10 से 15 लाख की बजाय 58 लाख का बिजली का बिल पकड़ा दिया गया। जबकि ऑफ सीजन में पूरा प्लांट बंद था बावजूद इतना बिल आना नामुमकिन है। पीड़ित ने तुरंत विभाग को सूचित किया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब बर्फ का सीजन शुरू हो चुका है लेकिन बिजली के चलते पूरा व्यापार ठप्प है।
स्थानीय स्तर पर अधिशासी अभियंता और एसडीओ से कोई राहत न मिलने पर पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बिजली मीटर की जांच कराने और अवैध तरीके से भेजे गए बिल को वापस लेने की मांग की गई है। मामले में संबंधित अधिकारियों से बात चीत की गई तो रटा-रटाया जवाब मिला कि मामला संज्ञान में है और जांच की जा रही है। हालांकि, एक साल बीत जाने के बाद भी जांच पूरी न होना विभाग की कार्य प्रणाली पर गंभीर सवालिया निशान खड़ा करता है।
रिपोर्ट-प्रमोद यादव/ज्ञानेन्द्र कुमार