फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्वच्छता को लेकर सरकार भले ही बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन फूलपुर ब्लॉक मुख्यालय के सामने हालात इन दावों की पोल खोल रहे हैं। यहां सड़क किनारे कचरे का ढेर लगा हुआ है, वहीं पास में लगे इंडिया मार्का हैंडपंप के गड्ढे में गंदगी का अंबार जमा है।
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत मिशन का क्रियान्वयन भी ब्लॉक मुख्यालय से ही होना है। इसके बावजूद मुख्यालय के सामने ही गंदगी का ढेर लगा होने से लोगों में नाराजगी है और आम लोग अधिकारियों की उदासीनता पर चर्चा कर रहे हैं।
उदपुर ग्राम सभा में ही ब्लॉक मुख्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लोक निर्माण विभाग का विश्रामालय, रेलवे स्टेशन, डाकघर और विद्युत सब स्टेशन स्थित हैं। ऐसे में अगर मुख्यालय क्षेत्र में ही स्वच्छता की यह स्थिति है तो दूर-दराज के गांवों की हालत का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी पंचायत फूलपुर राम मिलन ने बताया कि उनकी ड्यूटी परीक्षा केंद्र पर लगी थी। मामला संज्ञान में आ गया है और जल्द ही कचरा हटवाकर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मुन्ना पाण्डेय