ट्यूबवेल के कमरे में फांसी लगाकर बुजुर्ग ने दी जान

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक बुजुर्ग द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
बिलरियागंज थाना क्षेत्र के हरखपुर गांव निवासी राम उग्रह चौहान 65 वर्ष पुत्र स्व.दुईज चौहान सोमवार की सुबह घर से निकलकर गांगेपुर गांव सिवान स्थित अपने ट्यूबवेल पर गए थे। बताया जाता है कि उन्होंने ट्यूबवेल के कमरे का दरवाजा बंद कर वहां लगे करकट से रस्सी के सहारे फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
परिजनों के अनुसार जब दोपहर में खाना खाने का समय हुआ और वह घर नहीं पहुंचे तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोग उन्हें खोजते हुए ट्यूबवेल पर पहुंचे। वहां दरवाजा खोलकर देखा तो राम उग्रह चौहान फांसी के फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा बिलरियागंज थाने को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। मृतक के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *