सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत, परिजनों में कोहराम

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कंधरापुर थाना अंतर्गत भंवरनाथ बुलेट एजेंसी के पास प्राथमिक विद्यालय बछुआपर, विकास खंड महराजगंज में कार्यरत शिक्षिका रचना पाठक का शुक्रवार की शाम विद्यालय से घर लौटते समय भीषण सड़क दुर्घटना में मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से शिक्षा जगत सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रतिदिन जिस मार्ग से वे विद्यालय से अपने घर लौटती थीं, आज वही मार्ग उनकी स्मृतियों का साक्षी बन गया है। विद्यालय में शोक का वातावरण है और सहकर्मियों की आंखें नम हैं। उनके असमय निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। दिवंगत शिक्षिका का मायका ग्राम बटसरा खालसा, थाना तहबरपुर में है। उनका विवाह अतरौलिया निवासी उपेन्द्र शुक्ला से हुआ था, जो वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय कपसा, विकास खंड बिलरियागंज में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनके परिवार में एक पुत्री हैं, जो वर्तमान में जयपुरिया स्कूल, कंधरापुर में अध्ययनरत हैं। इस हृदय विदारक घटना से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *