मार्टिनगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र स्थित सराय मोहन ग्राम पंचायत में एक ऐसा निजी विद्यालय संचालित है जिसके पास कक्षा एक से लेकर कक्षा 5 तक की मान्यता प्राप्त है। लेकिन संचालक द्वारा कक्षा 12 तक की पढ़ाई कराई जाती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह विद्यालय ग्राम समाज की जमीन पर बना हुआ है। किस आधार पर कक्षा एक से लेकर कक्षा 5 तक की मान्यता दे दी गई यह भी एक बहुत बड़ा प्रश्न है। लोगों की माने तो इसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मिली भगत है।
इस संदर्भ में एक व्यक्ति ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी जिसकी जांच जिलाधिकारी द्वारा बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिया गया था। बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह जांच खंड शिक्षा अधिकारी से करवाई। जो भी आरोप लगाए गए थे, वह सत्य पाए गए। विद्यालय बंद करने के लिए नोटिस दी गई लेकिन यह विद्यालय आज तक बंद नहीं हो सका जो आम जनता के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संदर्भ में बेसिक शिक्षा अधिकारी से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका। क्षेत्र के लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान आकृष्ट कर उक्त विद्यालय को बंद करने तथा ग्राम समाज की जमीन पर हुए निर्माण को ध्वस्त करने की मांग की है ताकि विद्यालय के छात्रों का भविष्य सुरक्षित हो सके।
रिपोर्ट-अद्याप्रसाद तिवारी