मांगे नहीं मानी गयी तो 16 सितम्बर से होगा कार्य बहिष्कार

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। ग्रामीण सफाई कर्मचारियों की आकस्मिक बैठक दोपहर हरिऔध कला भवन के सामने सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व में किये गये सफाई कर्मचारियों के मनमाने ढंग से स्थानान्तरण के सम्बंध में विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि स्थानान्तरण के सम्बंध में जिला पंचायत राज अधिकारी को तीन बार पत्रक सौंपा गया और मांग की गयी थी कि मनमाने ढंग से किये गये स्थानान्तरण निरस्त कर एवं सहायक विकास अधिकारी से प्रस्ताव से लेकर स्थानान्तरण किया जाय। जिला पंचायत राज अधिकारी ने समन्वय समिति को आश्वस्त किया था कि मुख्य विकास अधिकारी से वार्ता हो गयी है वार्ता के अनुसार समन्वय समिति के अध्यक्ष अमरजीत सिंह व महामंत्री सीपी यादव से समन्वय स्थापित कर विकास खण्डवार निर्धारित कर्मचारियों को रोककर शेष अतिरिक्त कर्मचारियों को अन्य विकास खण्डों में स्थानान्तरण किया जायेगा। वक्ताओं ने कहा कि जिला पंचायत राज अधिकारी के आश्वासन संगठन ने हर बार अपना कार्य बहिष्कार व धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया लेकिन विभागीय बैठक में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा पूर्व के आदेश का पालन करने हेतु समस्त सहायक विकास अधिकारी पर दबाव बनाया गया कि पहले आदेश का पालन किया जाय उसके बाद जो समस्या आयेगी उसका समाधान किया जायेगा। वक्ताओं ने कहा कि मुख्य विकास अधिकारी के इस निर्देश से संगठन आहत होकर बैठक करके अगली रणनीति पर चर्चा की। बैठक में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने निर्णय लिया कि यदि उचित कार्रवाई नहीं होती है तो संगठन 16 सितम्बर से कार्य बहिष्कार एवं धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर अमरजीत सिंह, टीपी सिंह, शान्तिशरण सिंह, सीपी यादव, नवीन चतुर्वेदी मीडिया प्रभारी गुलाब चौरसिया सहित भारी संख्या में लोग उपस्थित थे।
रिपोर्ट-प्रमोद कुमार यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *