हल्की बरसात में बदली सड़कों की सूरत

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अतरौलिया से जहांगीरगंज को जोड़ने वाली सड़क पटेल चौक से भवनाथपुर तक जर्जर अवस्था में है। ऐसे में हल्की बरसात होते ही सड़क की सूरत ही बदल गई। लगभग 5 किलोमीटर की यह सड़क दर्जनों गांवों को जोड़ती है जिसकी हालत इन दिनों बद से बदतर बनी हुई है। जगह-जगह सड़कों में हुए गड्ढे में जल जमाव हो गया जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तो वहीं छोटे व भारी वाहनों को भी आवागमन में परेशानी होने लगी है। विद्यालय जाने वाले बच्चों को इसी कीचड़ युक्त रास्ते से होकर विद्यालय तक जाना पड़ रहा है जिससे लोग काफी आक्रोशित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क 2023 में ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनने के लिए प्रस्तावित है। सड़क के किनारे प्रधानमंत्री सड़क योजना का बोर्ड भी लगा हुआ है तथा सड़क की निर्माण अवधि, लागत मूल्य, सड़क की लंबाई और चौड़ाई के साथ ही अंतिम तिथि भी बोर्ड पर अंकित किया गया है। 2023 में ही सड़क निर्माण को पूरा कर लेने की तिथि अंकित की गई है लेकिन अभी तक इस सड़क मार्ग पर कोई भी निर्माण कार्य नहीं हुआ, जबकि निर्माण अवधि में ही इस सड़क की टेस्टिंग भी कर ली गई थी। बावजूद इसके अभी तक गड्ढा युक्त सड़क पर न तो गिट्टी डाली गई और न ही इसका निर्माण कार्य ही पूरा हुआ, जिसकी वजह से हल्की बरसात होते ही चारों तरफ जल जमाव हो गया। सड़कों के गड्ढो में गिरकर कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं जिस पर शासन प्रशासन का अभी तक ध्यान नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर काफी नाराजगी व्याप्त है कि यह सड़क कब तक बनेगी। कीचड़ युक्त सड़क पर चलने से लोग घबरा रहे हैं। विद्यालय जाने वाले बच्चे भी कीचड़ से होकर अपने विद्यालय तक पहुंच रहे हैं।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *