रानीकीसराय आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सदर तहसील के ग्राम चककालिका मंे एक ही परिवार के भूमिहीन 14 सदस्यों द्वारा पीएम सम्मान निधि का लाभ उठाने के मामले में जांचोपरांत आदेश के बाद भी विभाग न तो वसूली कर पाया और न ही मुकदमा ही दर्ज किया गया।
सदर तहसील के चककालिका गांव में एक ही परिवार के 14 सदस्य फर्जी कागजात के आधार पर पीएम सम्मान निधि का पात्र बन कर लाभ ले रहे थे। गांव के राजकुमार कुशवाहा ने मामले की जानकारी होने पर विभाग को शिकायती पत्र दिया। इस पर भी कार्रवाई न होने पर मंडलायुक्त से जांच की मांग की। मंडलायुक्त के निर्देश पर जांच के दौरान लेखपाल के सत्यापन में सभी भूमिहीन मिले। जांच आख्या के बाद कृषि विभाग ने सभी अपात्रों को पोर्टल से हटा दिया। उप कृषि निदेशक द्वारा मामले मंे पीएम सम्मान निधि का लिए गये चार लाख छियासी हजार रुपये राजस्व वसूली सहायक विकास कृषि अधिकारी द्वारा कराये जाने को भी निर्देशित किया है। शिकायतकर्ता राजकुमार कुशवाहा का कहना है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी कृषि विभाग न तो राजस्व की वसूली ही कर पाया और न ही अभी तक फर्जीवाड़ा पर मुकदमा ही दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने मंडलायुक्त से मामले मंे कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट- प्रदीप वर्मा