बूढनपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बीआरसी कोयलसा में ब्लॉक स्तरीय सामाजिक विज्ञान बहुविकल्पीय प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में तार्किक क्षमता, सामान्य ज्ञान तथा प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। परीक्षा में कोयलसा ब्लॉक के 39 उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों से चयनित 115 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मौर्य के मार्गदर्शन तथा सामाजिक विज्ञान एआरपी शैलेश सिंह के नेतृत्व में परीक्षा संपन्न हुई। आयोजन में एआरपी गणित निखिल कुमार सिंह, एआरपी हिंदी पवन चौबे और एआरपी विज्ञान अंजनी दुबे का भी सहयोग रहा।
डायट के सामाजिक विज्ञान प्रवक्ता विनय शंकर ने बतौर विशिष्ट अतिथि प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विषय आधारित प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन से परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में ज्ञान और आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार होने में मदद मिलती है।
प्रतियोगिता में बड़ागांव की अंजली मौर्य ने 87 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कंपोजिट विद्यालय भैरोपुर की अपर्णा यादव ने 75 अंक प्राप्त कर द्वितीय तथा भैरोपुर के सुमित चौरसिया ने 74 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों मेधावी विद्यार्थियों को कलाई घड़ी, एक-एक हजार रुपये की नकद धनराशि, स्कूल बैग, सामान्य ज्ञान की पुस्तक और थर्मस बोतल देकर सम्मानित किया गया।
रिपोर्ट-अरविंद सिंह