नुक्कड़ नाटकों से जन-जन तक पहुंचेंगी जनकल्याणकारी योजनाएं

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने और उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी।
जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन समर्पण, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत ‘नमो सेवा: अनकही कहानियां’ के नाम से नुक्कड़ नाटक और नाट्य मंचन किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से देवालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, चौराहों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं, शिक्षकों और आम नागरिकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक करना है।
विनोद राजभर ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 18 सितंबर से 15 अक्तूबर तक चलेगा। लालगंज जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में अभियान के तहत व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विधानसभा में चार से पांच मंडल हैं और प्रत्येक मंडल में दो से तीन कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम आयोजित कर आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *