बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से युवक की मौत

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां थाना अंतर्गत रस्तीपुर ग्राम सभा में मंगलवार को बिजली के गिरे तार की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार रस्तीपुर ग्राम सभा निवासी अंबुज विश्वकर्मा (35) पुत्र श्रवण विश्वकर्मा मंगलवार की सुबह करीब साढ़े 8 बजे घर से शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बिजली का तार गिरा हुआ था। अंबुज अनजाने में गिरे हुए तार की चपेट में आ गए, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से अंबुज को उपचार के लिए पीजीआई चक्रपानपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया गया कि अंबुज विश्वकर्मा दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी मौत से पत्नी मंजू और बच्चों समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। घटना के बाद पूरे रस्तीपुर ग्राम सभा में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से गांव में विद्युत व्यवस्था की जांच कराने तथा गिरे हुए बिजली के तारों को तत्काल हटवाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत विभाग की लापरवाही से ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए जर्जर तारों और विद्युत लाइनों की जांच जरूरी है। सूचना मिलने पर बोंगरिया चौकी प्रभारी श्री कृष्ण कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *